शहर के प्रभात चौराहे पर शुक्रवार शाम स्कूटर सवार एक इंजीनियर और उनकी पत्नी ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने उन्हें रुकने के लिए डंडा अड़ा दिया था। इसी से नाराज होकर महिला ने पुलिसकर्मियों को खूब खरी-खोटी सुनाई। महिला अपेक्षा का आरोप था कि पुलिस दूसरे वाहन चालकों को वहां से जाने दे रही थी, लेकिन उन्हें रोक लिया और खराब सलूक किया। अशोका गार्डन पुलिस ने दंपति के खिलाफ लॉकडाउन उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है।
टीआई सुधेश तिवारी के मुताबिक ये वाकया शुक्रवार शाम साढ़े सात बजे हुआ। विक्की और अपेक्षा थाने के पीछे रहते हैं। दोनों स्कूटर से प्रभात चौराहा पहुंचे थे। यहां पुलिस चैकिंग कर रही थी। सिपाही ने उन्हें रोका तो महिला भड़क गई। समझाने के बाद भी जब उनका हंगामा बंद नहीं हुआ तो उनके खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। वहीं, गांधी नगर पुलिस ने 130 सेक्टर गांधी नगर निवासी नसीम के खिलाफ सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट करने का केस दर्ज किया है।
लॉकडाउन उल्लंघन करने वालों पर एक दिन में सबसे ज्यादा केस दर्ज
लॉकडाउन उल्लंघन करने पर 107 केस दर्ज किए हैं। पुलिस ने ये कार्रवाई 24 घंटे के भीतर की है। संभवत: मप्र में ऐसा पहली हुआ है, जब एक ही दिन में कलेक्टर आदेश उल्लंघन के इतनी बड़ी संख्या में केस दर्ज किए गए हों। ये कार्रवाई गांधी नगर, बैरसिया, निशातपुरा, हनुमानगंज, टीला जमालपुरा, तलैया, अशोका गार्डन, शाहपुरा, कटारा हिल्स, एमपी नगर, पिपलानी, गोविंदपुरा, कोलार, चूना भट्टी, स्टेशन बजरिया, जहांगीराबाद, कमला नगर और टीटी नगर पुलिस ने की हैं।